डीएम शुभ्रा सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित हुए तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 103 शिकायतें आईं, जिसमें मौके पर आठ का ही निस्तारण हो सका, जबकि शेष शिकायतों का अविलंब निपटाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया।
तहसील दिवस में डीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सप्लाई की समस्या न आने पाए। जहां भी कोई फाल्ट हो उसे तत्काल सही कराया जाए। ब्लाक मदनापुर के गांव मोहनपुर निवासी रवींद्रपाल सिंह ने आवास संबंधित समस्या रखी। इस पर डीएम ने परियोजना निदेशक डीआरडीए को निर्देश दिए कि इसकी जांच कराकर अवगत कराएं। उन्होंने अधीनस्थों से कहा कि शिकायतों को हरसंभव मौके पर जाकर निपटाने को कहा। तहसील दिवस में 19 विकलांगों के प्रमाण पत्र बनाए गए। इस मौके पर एसपी आरपीएस यादव ने थानाध्यक्षों से कहा कि कोई भी शिकायत आए उसे तत्काल मौके पर जाकर निस्तारित कराएं। इस अवसर पर प्रभारी सीडीओ पीपी त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन एमएन उपाध्याय, एसडीएम भरत लाल सरोज आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील में निस्तारित हुए सात मामले
शाहजहांपुर। सदर तहसील के सभागार में आयोजित तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें और समस्याएं लेकर तमाम फरियादी पहुंचे। इस मौके पर एसडीएम जयनाथ यादव ने राजस्व विभाग और जमीन पर कब्जों से संबंधित सात मामले निस्तारित कराए।
तहसीलदार पीएन सिंह ने बताया कि तहसील दिवस में 78 फरियादियों की शिकायतें प्राप्त हुईं। कई फरियादी किसानों ने फसली नुकसान के सर्वे में हुई गड़बड़ी और मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। तहसीलदार के अनुसार शेष सभी प्रकरण संबंधित विभागों के अधिकारियों को संदर्भित कर उन्हें एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
जनसमस्याओं को वरीयता के आधार पर सुलझाएं: वंदना
तिलहर। एसडीएम वंदना त्रिवेदी ने तहसील दिवस में तहसील स्तरीय अधिकारियों के पेंच कसते हुए कहा कि दूर दराज के क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं को सहानुभूति पूर्वक सुनकर मौके पर ही उनका वास्तविक निस्तारण करना तहसील दिवस की प्रासंगिकता है। इसलिए अधिकारी समस्याओं के वास्तविक निस्तारण में रूचि लें। तहसील दिवस में मंगलवार को कुल 68 फरियादी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान सीओ विजय शंकर मिश्रा, तहसीलदार लालता प्रसाद तिवारी, प्रभारी कोतवाल आशीष शुक्ला, बीडीओ बाबूराम वर्मा, एसडीओ कुमार विकल, जेई अरुण यादव, आपूर्ति निरीक्षक अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।