निजी क्षेत्र की भागीदारी से स्वास्थ्य सेवाएं होंगी बेहतर: अखिलेश
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी एक शुभ संकेत है और इससे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। शनिवार को दोपहर नेशनल हाईवे पर बंथरा के पास रोहिलखंड अस्पताल एवं प्रस्तावित वरुणार्जुन मेडिकल कालेज का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र में अस्पताल और मेडिकल कालेज की स्थापना के लिए गवर्निंग बॉडी को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में सरकार के स्तर से हर संभव सहयोग देने का वायदा किया। दोपहर 1.07 बजे अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री ने सात मिनट के संबोधन में सरकार की प्राथमिकताओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़े काम काफी मुश्किल से होते हैं, लेकिन सबसे मुश्किल होता है मेडिकल कालेज और यूनिवर्सिटी खोलना। इसके लिए सरकारी मानक पूरे करने के साथ जगह की उपलब्धता और संसाधन जुटाना बड़ी बात है। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। इस काम में निजी क्षेत्र आगे आ रहे हैं, यह अच्छी बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमूमन बड़े अस्पताल बड़ी जगहों पर खुलते हैं, लेकिन आसपास के कसबे काफी दूर होने पर भी बंथरा जैसी छोटी जगह पर इतना बड़ा अस्पताल बनाना बड़ी बात है। उन्होंने अस्पताल के चेयरमैन डॉ. केशव कुमार और अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के स्वागत संबोधन में निहित मांगों का हवाला देते हुए कहा कि चाहे बिजली की 33 केवी लाइन का मसला हो अथवा अस्पताल की अन्य जरूरतें, सरकार के स्तर से पूरी मदद दिलाएंगे। इससे पूर्व, चेयरमैन डॉ. केशव कुमार ने अस्पताल का उद्घाटन का वायदा निभाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनसे अस्पताल में पुलिस चौकी के लिए स्टाफ की तैनाती कराने और बिजली की 33 केवी लाइन का प्रस्ताव स्वीकृत करने का अनुरोध किया। अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री की तुलना सूरज से करते हुए कहा कि आज के दौर में राजनीति में आई नकारात्मकता को इसी सूरज की रोशनी से चुनौती मिल रही है।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने प्रस्तर पट का अनावरण करके रोहिलखंड अस्पताल और प्रस्तावित मेडिकल कालेज के उद्घाटन की रस्म निभाई। इस मौके पर निदेशक मंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वाइस चेयरमैन डॉ. लता अग्रवाल और उपाध्यक्ष डॉ. किरन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री समेत उनके साथ आए कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, राज्यमंत्री राधेश्याम व राममूर्ति सिंह वर्मा, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. अनूप चंद्र पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां आदि का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डीएम पुष्पा सिंह, एसपी डॉ. मनोज कुमार, सीडीओ पुलकित खरे, मधु सिंघल, शरद सेठ, डॉ. आरसी अस्थाना, नर्सिंग के छात्र-छात्राएं, अस्पताल स्टाफ के सदस्य आदि मौजूद रहे।
पुलिस के खिलाफ पत्रकारों ने की नारेबाजी
रोहिलखंड अस्पताल प्रशासन ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रित किए गए अतिथियों से दोपहर 12 बजे तक स्थान ग्रहण कर लेने का अनुरोध किया। इसके बावजूद तमाम पत्रकार अस्पताल के गेट पर उस वक्त पहुंचे, जब मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाषण दे रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस अधिकारियों ने बाद में आए पत्रकारों को बाहर रोका तो उन्होंने अफसरों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। अंदर कार्यक्रम स्थल तक नारेबाजी का शोर पहुंचने पर वहां मौजूद उच्चाधिकारी बाहर को लपके और पत्रकारों को शांत करके अंदर ले आए।