खुटार में बस की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार। संवाद
खुटार। नगर में एक निजी बस चालक ने तीन वाहनों में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। गनीमत रही कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
गांव प्रतापपुर निवासी राजपाल ने बताया कि रविवार को अपने बच्चों को खुटार के एक स्कूल में कार से छोड़ने आए थे। वापस जाते समय तिकुनिया के पास एक बस चालक ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद चालक ने बस को मौके से भगाना शुरू कर दिया तो बस अनियंत्रित होकर यूपी-112 की गाड़ी से भी टकरा गई। चालक ने इसके बाद भी बस को नहीं रोका और थाने से कुछ आगे आने के बाद नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अनुपम शुक्ला की फार्च्यूनर में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद लोगों ने बस सहित चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बस चालक जनपद हरदोई के थाना शाहाबाद के एक गांव का रहने वाला है। शाम तक बस चालक वाहन मालिकों से समझौते का प्रयास कर रहा था। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि किसी ने तहरीर नही दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।