शाहजहांपुर। सीतापुर की ओर से रोजा जंक्शन आने वाली ट्रेनों को अब आउटर पर नहीं रोका जाएगा। यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के तहत निगोना गांव के पास क्राॅस ओवर डाला जाएगा। प्लेटफार्मों की लंबाई व चौड़ाई बढ़ाने के साथ मालगाड़ियों को यार्ड में ले जाने के लिए अलग लाइन भी बिछाई जाएगी।
रविवार को रोजा जंक्शन रेलवे स्टेशन के दो नंबर प्लेटफार्म पर बने पुराने उड़नदस्ता कार्यालय को जेसीबी की मदद से हटा दिया गया। लाइन नंबर एक और लाइन नंबर दो पर बने डीजल पंप बंद कर दिए गए। एक नंबर प्लेटफार्म पर अब किसी भी मालगाड़ी के इंजन में डीजल नहीं भरा जाएगा। डाउन साइड में कोचिंग डिपो कार्यालय का भवन भी गिरा दिया गया।
अभी तक सीतापुर की ओर से आने वाली ट्रेनों को आउटर पर काफी देर तक रोका जाता है। क्रॉसओवर पड़ने से ट्रेनें सीधे प्लेटफार्म पर आ सकेंगी। रोजा जंक्शन पर अब दो प्लेटफार्म और बढ़ जाएंगे। अभी रोजा जंक्शन स्टेशन पर चार प्लेटफार्म हैं।
घट जाएगी गोरखपुर की दूरी
रोजा जंक्शन स्टेशन से सीतापुर होकर गोंडा से गोरखपुर की दूरी करीब 70 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे भाड़ा भी कम हो जाएगा। रेल अफसरों ने बताया कि यार्ड रिमॉडलिंग, प्री-इंटरलॉकिंग व नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन सीतापुर, गोंडा होते हुए गोरखपुर की ओर जाया करेगी।
टिकट काउंटर पर वापस हो रहे टिकट
यार्ड रिमॉडलिंग के चलते निरस्त रहने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों ने अपने टिकट वापस करने शुरू कर दिए हैं। रोजा व शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को तमाम यात्री अपना टिकट काउंटर पर वापस करने पहुंचे। कुछ ट्रेनों को रूट डायवर्जन किया गया है। तमाम ट्रेनें काॅशन देकर निकाली जाएंगी।
तीन से छह अगस्त तक निरस्त रहेगी राज्यरानी एक्सप्रेस
शाहजहांपुर। मुरादाबाद मंडल के रोजा जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के कारण प्रभावित ट्रेनों के संचालन में परिवर्तन किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रेन नंबर 22454 मेरठ सिटी-लखनऊ राज्यरानी एक्सप्रेस को एक अगस्त से छह अगस्त तक निरस्त किया गया था, अब इसको एक अगस्त को दोबारा संचालित करते हुए 135 मिनट तथा दो अगस्त को 180 मिनट की देरी से चलाया जाएगा। तीन से छह अगस्त तक यह ट्रेन निरस्त रहेगी।
ट्रेन नंबर 22453 लखनऊ-मेरठ सिटी राज्यरानी एक्सप्रेस को 31 जुलाई से पांच अगस्त तक निरस्त रहना था। अब 31 जुलाई व एक अगस्त को ट्रेन बहाल करते हुए पहले की तरह अपने निर्धारित मार्ग एवं समय सारिणी के अनुसार संचालित होगी। दो अगस्त से पांच अगस्त तक ट्रेन रद्द रहेगी। ट्रेन नंबर 14242 सहारनपुर-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस 23 जुलाई से पांच अगस्त तक निरस्त के स्थान पर अब 23 जुलाई से चार अगस्त तक परिवर्तित मार्ग हापुड़-खुर्जा-कानपुर सेंट्रल-लखनऊ मार्ग से संचालित होगी। पांच अगस्त को ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग एवं समय सारिणी के अनुसार ही चलेगी। ट्रेन नंबर 14241 प्रयागराज संगम-सहारनपुर एक्सप्रेस 22 जुलाई से चार अगस्त तक निरस्त की गई थी। यह अब 22 जुलाई को अपने निर्धारित मार्ग एवं समय-सारिणी के अनुसार चलेगी। 23 जुलाई से चार अगस्त तक परिवर्तित मार्ग लखनऊ-कानपुर सैंट्रल-खुर्जा-हापुड़ मार्ग से संचालित होगी।
रोजा जंशन स्टेशन पर उड़नदस्ता कार्यालय भवन का मलबा। संवाद