शाहजहांपुर जिला जेल में भी होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। लाट साहब की तर्ज पर जेल के अंदर अपराध से तौबा का जुलूस निकाला गया। बंदियों और कैदियों ने एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली खेली।
शाहजहांपुर में रंगों का त्योहार होली धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को शहर में परंपरागत तरीके से लाट साहब का जुलूस निकाला गया। वहीं, जिला जेल की चाहरदीवारी के अंदर भी होली की धूम रही। लाट साहब की तर्ज पर बंदियों को संदेश देने के लिए अपराध से तौबा का जुलूस निकाला गया। सभी ने फूलों और गुलाल से होली खेली। इस बीच बंदी और कैदी होली गीतों पर खूब थिरके। जेल अधीक्षक ने बंदियों और कैदियों पर फूल बरसाए।
विज्ञापन
होली के मौके पर जिस तरह से जिले में लाट साहब का जुलूस निकाला जाता है, उसी तरह इस बार जिला कारागार के अंदर अपराध से तौबा का जुलूस निकाला गया। इसके लिए एक पुतला बनाया गया। उसे ठेले पर रखकर बैरकों के अंदर ले जाया गया।
बंदियों और कैदियों ने जेल में फूलों से निर्मित हर्बल गुलाल से होली खेली। होली के गीतों पर महिलाओं से लेकर पुरुष बंदी और कैदी तक नृत्य करते रहे। जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने बताया कि होली पर सभी ने एकता का परिचय दिया और सब कार्यक्रम में शामिल हुए। बंदियों और कैदियों ने जुलूस निकालकर अपराध से तौबा किया।