अनुभूति नाट्य मंच और संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में चल रही अभिनय कार्यशाला में एक दर्जन से अधिक महिला-पुरुष कलाकार अभिनय के गुर सीख रहे हैं। उन्हें भारतेंदु नाट्य अकादमी लखनऊ (बीएनए) से प्रशिक्षित कलाकार मुकेश कुमार प्रशिक्षित कर रहे हैं।
मुकेश कुमार एसपी कॉलेज और गांधी भवन परिसर में चल रही कार्यशाला में युवाओं को प्रस्तुतिपरक कार्यशाला में अनुभव साझा कर रहे हैं। इस दौरान दिनेश भारती के हास्य नाटक द ग्रेट राजा मास्टर ड्रामा कंपनी की तैयारी भी कराई जा रही है। इस नाटक का मंचन 21 और 22 फरवरी को गांधी भवन में प्रस्तावित है। संस्था निदेशक मनोज मंजुल ने बताया कि अजीजगंज निवासी युवा निर्देशक मुकेश कुमार पद्मश्री राज बिसारिया, सूर्यमोहन कुलश्रेष्ठ, देवेंद्र राज अंकुर, सत्यव्रत राउत आदि के साथ काम करके रंगमंच की बारीकियां सीख चुके हैं। मुकेश का साथ दूसरे युवा कलाकार बीएनए पासआउट शिवा सक्सेना के साथ नाटक का पूर्वाभ्यास करा रहे हैं।