खुटार के प्रीतमपुर जंगल में बेहोश पड़ा शिरीष कुमार। स्रोत परिजन
खुटार। गांव रौतापुर कलां की प्रधान मैना देवी का पुत्र शिरीष कुमार बेहोशी की हालत में जंगल में पड़ा मिला है। देर शाम तक राजकीय मेडिकल कॉलेज में उसे होश नहीं आया था।
शिरीष का अपनी पत्नी चांदनी से विवाद हो गया था। चांदनी ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह मायके खुटार के गांव सीतापुर जाकर रहने लगी थी। वह पंचायत सहायक के पद पर काम कर रही है। भाई जयेंद्र कुमार ने बताया कि शिरीष की अपनी पत्नी से कई दिन से मोबाइल फोन पर बात हो रही थी। शुक्रवार सुबह आठ बजे शिरीष ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकले।
दोपहर के बाद सूचना मिली कि शिरीष ससुराल से कुछ दूर प्रीतमपुर के जंगल में बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना पर परिजन जंगल में पहुंचे और उसे खुटार सीएचसी लाए। बाद में शिरीष को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जयेंद्र ने बताया कि शिरीष के होश में आने पर घटना की जानकारी मिलेगी, इसके बाद कार्रवाई करेंगे।
उधर, चांदनी ने पुलिस को बताया कि सात मार्च, 2024 को उनकी शादी शिरीष से हुई थी। कुछ दिन बाद ही कम दहेज को लेकर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा। कुछ माह पूर्व ससुराल के लोगों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया, जिसकी रिपोर्ट 27 फरवरी को दर्ज कराई गई थी। पति शिरीष कुमार मुकदमे में राजीनामे का दबाव बना रहा था।
शुक्रवार को दोपहर के समय वह गांव सहारू में पंचायत घर में पंचायत सहायक की ड्यूटी कर रही थी। इस बीच शिरीष ने खुद पर तेल छिड़क लिया और कहा कि वह उसे जेल भिजवा देगा। उसने पंचायत घर के अंदर छिपकर जान बचाई। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि शिरीष के बेहोशी की हालत में सीएचसी पहुंचने की जानकारी पर जांच की गई है। किसी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।