शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र के गांव बढ़ईपुर में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि गांव की प्रधान अंजू देवी के पति संतोष कुमार और उनके समर्थकों ने गांव के कुछ लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
गांव बढ़ईपुर निवासी सत्यप्रकाश का आरोप है कि प्रधान के पति संतोष कुमार आदि उनसे रंजिश मानते हैं। 25 जुलाई की शाम वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। तभी प्रधान के पति संतोष कुमार अपने साथियों के साथ आए और गाली-गलौज करने लगे। सत्यप्रकाश के विरोध करने पर संतोष और उसके साथियों ने उन्हें और परिजनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान गांव के तमाम लोग तमाशबीन बने रहे और प्रधान पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हुए लोगों को पीटते और दौड़ाते रहे।
नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
थाना प्रभारी आरके रावत का कहना है कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्रधान के पति सहित नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने घटना का वीडियो पुलिस को भी मुहैया कराया है। वीडियो में लोगों को पीटते देख तमाम लोग खुटार क्षेत्र में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चर्चा कर रहे हैं। उधर संतोष कुमार का कहना है कि दूसरे पक्ष ने उन लोगों के साथ मारपीट की है। आरोप निराधार हैं।