शाहजहांपुर। बैंकों के विलय प्रस्ताव के विरोध में यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन के बैनर तले विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और वित्त मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
यूनियन के जिला महामंत्री अतुल मेहरोत्रा के नेतृत्व में ओरियंटल बैंक चौक शाखा पर इकट्ठे हुए बैंक कर्मियों ने केंद्र सरकार के फैसले पर रोष जताते हुए नारेबाजी कर भड़ास निकाली। इस मौके पर मेहरोत्रा ने कहा कि बैंकों के विलय से बैंक कर्मी परेशान होंगे और आम जनता को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जनसंख्या के अनुपात में पहले से ही आवश्यक बैंक शाखाएं उपलब्ध नहीं हैं। यूनियन इस बारे में लगातार सरकार से बैंक शाखाएं खोलने और कर्मचारी बढ़ाने की की मांग करती रही है। अब बैंकों के विलय से और समस्या बढ़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि बैंकों के विलय के बाद कर्मचारियों का उत्पीड़न भी शुरू हो सकता है, आशंका है कि कर्मचारियों का उत्पीड़न कर उनकी छटनी भी शुरू कर दी जाएगी। बड़े बैंक बनाकर हजारों करोड़ के लोन देने का अधिकार अब केवल एक प्रबंधन को हो जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में अपुल मिश्रा, अक्षय सिंह, नरेंद्र सिंह, रंजन कुमार, विमल सक्सेना, ब्रह्मानंद, प्रीति सिंह, निक्की नेगी, श्रीदेवी आदि कर्मचारी शामिल रहे।