शाहजहांपुर। भारतीय किसान मजदूर यूनियन राष्ट्रवादी ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। जुलूस के रूप में यहां पहुंचे किसानों का ज्ञापन लेने के लिए कोई अधिकारी नहीं मिला। इस पर प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की। गन्ना किसानों का भुगतान, लेखपालों की मनमानी, शौचालय और आवास आवंटन में धांधली, कृभको श्याम फर्टिलाइजर के 13 ट्रक चालकों को बिना कारण हटाने समेत 11 सूत्रीय मांगों के पूरा न होने पर आंदोलन को व्यापक रूप देने की चेतावनी दी। इस मौके पर बृजमोहन गौतम, संत कुमार मिश्रा, सुखपाल सिंह यादव, कमल किशोर शर्मा समेत सैकड़ों किसान मजदूर मौजूद रहे।