शाहजहांपुर। सिटी पार्क उपकेंद्र में मंगलवार को पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मरों की टेस्टिंग कराई गई। इसके चलते उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडर दोपहर 12 से दो बजे तक बंद रहे। दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता और तकनीकी स्थिति की जांच के लिए टेस्टिंग का काम कराया गया। बहादुरगंज उपकेंद्र से जुड़ी लाइन पर बनखंडी नाथ मंदिर के पास गली में मरम्मत कार्य कराया गया। इसके चलते दोपहर 12 से एक बजे तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद रही। अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि टेस्टिंग व मरम्मत कार्य के चलते आपूर्ति बंद रही थी।
उन्होंने बताया कि अनुरक्षण माह के तहत बुधवार को अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र पर लगे दो 10-10 एमवीए के ट्रांसफॉर्मरों की टेस्टिंग की जाएगी। इसके चलते उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति दोपहर 12 से दो बजे तक बंद रहेगी। संवाद