शाहजहांपुर। बारिश के दौरान बिजली लाइनों में फॉल्ट आने से शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बहादुरगंज उपकेंद्र और गोविंदगंज उपकेंद्र की लिंक लाइन पर बेल चढ़ने से फॉल्ट आ गया। इसके चलते बहादुरगंज उपकेंद्र की आपूर्ति बाधित हो गई।
बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे तेज बारिश होने के दौरान आपूर्ति बंद हो गई। बिजली गुल होने पर उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर फोन कर जानकारी लेना शुरू कर दी। कर्मचारियों ने लाइन पर चढ़ी बेल को काटकर अलग किया, जिसके करीब दो घंटे बाद साढ़े छह बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
हथौड़ा उपकेंद्र का हयातपुरा फीडर भी ब्रेकडाउन हो गया। इससे शाम चार बजे से सवा पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कर्मचारियों ने फॉल्ट तलाश कर उसे ठीक किया, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हुई। बारिश के दौरान बार-बार बिजली बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
निगोही रोड उपकेंद्र के चिनौर फीडर की लाइन में बंच केबल डालने का काम किया गया। इसके चलते दोपहर दो से तीन बजे तक फीडर से आपूर्ति बंद रही। एक घंटे बाद काम पूरा होने पर बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि कुछ देर के लिए आपूर्ति बाधित हो गई थी। फॉल्ट दुरुस्त कर बिजली शुरू करा दी है।