शाहजहांपुर में निगोही रोड उपकेंद्र का जला फीडर। स्रोत: निगम
शाहजहांपुर। निगोही विद्युत उपकेंद्र के रामनगर फीडर की ट्रॉली में मंगलवार सुबह अचानक धुआं निकलने लगा। एहतियातन फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
सुबह करीब सात बजे धुआं निकलने की सूचना पर फीडर को बंद कर जांच की गई। जांच के दौरान ट्रिपिंग क्वाइल जली मिली। कर्मचारियों ने क्वाइल को दुरुस्त किया, जिसके बाद सुबह 8:58 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। करीब दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से रामनगर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिशासी अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि फॉल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है। संवाद
-
दो माह से दो ट्रांसफाॅर्मर खराब, 40 घरों में बिजली संकट
जैतीपुर। पहरा गांव में लगे दोनों ट्रांसफाॅर्मर करीब दो माह से खराब होने से गांव के 40 घरों के लोग बिजली संकट का सामना करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत निगम के अभियंताओं को ट्रांसफाॅर्मर खराब होने की सूचना कई बार देने पर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
लगातार समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है। गांव के छत्रपाल सिंह, हेम सिंह, चरन सिंह, जगदीश सिंह, नरेश सिंह आदि ने दोनों ट्रांसफाॅर्मर जल्द ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता कृष्ण गोपाल अग्रवाल के अनुसार क्षेत्रीय अवर अभियंता अजीत कुमार के साथ विभागीय टीम गांव भेजकर समस्या का समाधान जल्द करा दिया जाएगा। संवाद