प्राथमिक स्कूल अलियापुर में बेहोश छात्रा। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। उमस भरी गर्मी के बीच ददरौल विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय अलियापुर में कक्षा चार की एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। छात्रा चक्कर खाकर कक्षा में गिर पड़ी। विद्यालय स्टाफ ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया, जिसके काफी देर बाद छात्रा को होश आया। एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है।
भीषण गर्मी होने के साथ ही स्कूल समय में बिजली नहीं आने से कक्षाओं में छात्राओं का बैठना मुश्किल हो रहा है। विद्यालय में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले सात जुलाई को कक्षा तीन की एक छात्रा भी अत्यधिक गर्मी के कारण बेहोश हो गई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं से अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय समय के दौरान गांव में बिजली आपूर्ति भी बाधित रहती है। कक्षाओं में पंखे नहीं चल पाते। उमस और गर्मी के कारण बच्चों को पढ़ाई के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीईओ ददरौल विनय मिश्रा ने बताया कि रोस्टर के चलते बिजली आपूर्ति स्कूल समय में नहीं मिल पा रही है। गर्मी से बचने के लिए प्रत्येक घंटे पर वॉटर बेल लगाई जाएगी, जिसमें अध्यापक, रसोइया और बच्चे जरूर पानी पीएंगे। संवाद