भीषण गर्मी में बुधवार को दोपहर सवा 12 बजे से पॉवर कारपोरेशन के सिस्टम कंट्रोल द्वारा चार घंटे की आपात बिजली कटौती लागू कर दिए जाने से जनजीवन बुरी तरह बेहाल हो गया। बाजारों में व्यवसायी वर्ग को गद्दियों पर बैठना मुश्किल हो गया। शाम चार बजे के बाद तक शहर के सारे फीडर बंद रहने के कारण लोगों को घरों में भी चैन नहीं मिल सका।
पॉवर कारपोरेशन के सिस्टम कंट्रोल ने दोपहर और रात के वक्त दो चरणों में दो-दो घंटे की कटौती लागू कर रखी है। दोपहर में अमूमन दो बजे से दो घंटे का पॉवर कट लागू रहता है, लेकिन इधर दो दिन से दोपहर 12 बजे से आपात कटौती का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के लोग कटौती के नए शेड्यूल से सामंजस्य भी नहीं बिठा पाए थे कि बुधवार को सिस्टम कंट्रोल ने चार घंटे की कटौती थोपकर लोगों का गर्मी में जीना मुहाल कर दिया।
दोपहर सवा 12 बजे बत्ती गुल होने पर लोगों ने यही समझा कि दो घंटे की नियमित कटौती लागू की गई है। दोपहर दो बजे के बाद भी शहर के सारे फीडर बंद रहने पर बिजली उपकेंद्रों के फोन घनघनाने लगे। पूछताछ करने पर सब स्टेशन ऑपरेटरों से पता चला कि सिस्टम कंट्रोल के निर्देश पर चार घंटे आपात कटौती लागू की गई है। शाम सवा चार बजे के बाद बिजली आने पर पंखे चलने के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली।