शाहजहांपुर। शहरी क्षेत्र में भले ही निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है, लेकिन ग्रामीण इलाकों की हालत काफी ज्यादा खराब है। तहसील व गांवों में बिजली को लेकर हालात में सुधार नहीं हो रहा। शनिवार रात निगोही के कटैया फीडर से दस घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं मीरानपुर कटरा और तिलहर में कटौती से लोग बेहाल हो गए।
निगोही विद्युत उपकेंद्र का कटैया फीडर शनिवार रात एक बार फिर ट्रिप हो गया। इससे आधा दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से लोग गर्मी में परेशान हो गए। वहीं मच्छरों से भी ग्रामीण जूझते रहे। ऐसे में ग्रामीण पूरी रात अंधेरे में करवटें बदलते रहे। रात करीब आठ बजे गुल बिजली सुबह आठ बजे आई। वहीं दूसरी तरफ मीरानपुर कटरा में रात आठ बजे से 11.00 बजे तक बिजली गायब रही। इसी तरह तिलहर में रात में तीन घंटे कटौती की गई। भीषण गर्मी में बिजली कटौती होने से लोगों को काफी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा।