अल्हागंज स्थित रामगंगा नदी के पुल पर हुए गड्ढे। संवाद
अल्हागंज। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर यातायात के दबाव से रामगंगा पुल पर फिर गड्ढे हो गए हैं, जबकि एक माह पहले ही पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई गई थी।
बारिश और वाहनों के लगातार निकलने से पुल के दो स्लैब के बीच के हिस्से में भरा गया कंक्रीट निकलने के बाद वहां फिर गड्ढे हो गए हैं। हाईवे की तुलना में पुल संकरा होने से वहां न केवल वाहनों की गति धीमी हो गई है, बल्कि हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
रात में पुल से निकलने वाले वाहनों के चालक गड्ढे देख नहीं पाते और वहां वाहन उछलने से पुल के हिस्से की सड़क कई जगह दरक गई है। पुल के पास वाहनों की रफ्तार कम हो जाने से वहां अक्सर जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने पुल पर हाईवे की मरम्मत का काम जल्द कराए जाने की प्रशासन से मांग की है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के परियोजना निदेशक अमन त्रिगुन ने बताया कि बारिश में प्रभावित सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। जहां पर भी गड्ढे हैं या सड़क क्षतिग्रस्त है, उसे ठीक कराया जाएगा।