खुटार (शाहजहांपुर)। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ पोस्ट डालने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इकरार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए पोस्ट डिलीट करने के साथ ही मोबाइल भी तोड़ दिया था।
मोहम्मद उमर के नाम की सोशल मीडिया आईडी से मुख्यमंत्री के खिलाफ गलत पोस्ट डाली गई थी। हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष अवनीश मिश्रा ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 23 सितंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट देख उनके सहित तमाम लोगों भावनाएं आहत हुईं।
जानकारी करने पर पता चला कि मोहम्मद उमर के नाम की आईडी गांव नवदिया नवाजपुर के मोहम्मद इकरार ने बना रखी है। उन्होंने मोहम्मद इकरार को इस तरह की पोस्ट डालने से मना किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने बाद में पोस्ट डिलीट करने के साथ ही मोबाइल भी तोड़ दिया। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।