तिलहर। मीरानपुर कटरा नगर पंचायत में अध्यक्ष के रिक्त पद के लिए उपचुनाव के तहत मंगलवार को सुबह सात बजे से मतदान होगा। इसके लिए सोमवार शाम को ब्लॉक सभागार से पोलिंग पार्टियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान केंद्रों पर रवाना कर दिया गया।
इस दौरान एडीएम वित्त अरविंद कुमार, एसडीएम जीत सिंह राय, पुवायां के एसडीएम सदानंद सरोज और सीओ ज्योति यादव की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को मत पेटिकाओं के साथ बसों से उनके निर्धारित मतदान केंद्रों पर भेजा गया।
सुरक्षा के लिए उनके साथ पुलिस टीमें भी रवाना की गईं। अधिकारियों के मुताबिक उपचुनाव के लिए कुल 16 वार्डों में 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सात अतिरिक्त पोलिंग पार्टियां और पांच रिजर्व टीमें भी लगाई गई हैं। इनमें 33 महिला कर्मियों सहित करीब 160 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा चार सेक्टर और एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
चुनाव में कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें चार मान्यता प्राप्त दलों के उम्मीदवार और सात निर्दलीय शामिल हैं। मतदान को सफेद मतपत्रों का उपयोग किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से मतदान के दौरान दो उप निरीक्षक, चार सीओ और 14 इंस्पेक्टर भी तैनात रहेंगे। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 31 हजार 465 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 16 हजार 807 पुरुष और 14 हजार 658 महिला मतदाता शामिल हैं। एसडीएम का दावा है कि उपचुनाव को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
कचरा ढोने वाले वाहन से गद्दे भेजने का वीडियो वायरल
चुनावी तैयारियों के बीच सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए एक वीडियो में चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कचरा ढोने वाले वाहन से गद्दे भेजते दिखाया गया है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मीरानपुर कटरा में पोलिंग पार्टियों को रवाना करते एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार। संवाद