सपा सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए रविवार को मोहल्ला अंटा के मैदान पर वार्ड 28 से 36 तक के कार्यकर्ताओं की सभा हुई। इस मौके पर सपा के प्रदेश सचिव डॉ. जाहिद अली खां ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मिशन-2017 की कामयाबी के लिए धार्मिक आधार पर समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही भाजपा से जन सामान्य के सचेत करने में जुटें।
उन्होंने कहा कि सपा ने समाज के सभी जाति-धर्मों में भेदभाव किए बगैर तमाम योजनाएं चलाईं और चुनावी वायदों की कसौटी पर पूरी तरह खरी उतरी। विरोधी पार्टियां सपा की इसी कार्यशैली से बुरी तरह विचलित हैं। राज्यमंत्री राममूर्ति सिंह वर्मा ने कहा कि विरोधियों की नाकामयाबी का लाभ तभी मिलेगा जब कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी और सरकार की नीयत को स्पष्ट करेंगे। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि कथनी-करनी में समानता की बदौलत पार्टी का परचम फिर फहराएगा।
जिला सचिव आफाक अली खां बच्चन के संचालन में हुई सभा में पूर्व विधायक दल सिंह यादव, जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सैय्यद रिजवान अहमद, नगर अध्यक्ष कपिल वर्मा, गायत्री वर्मा, डॉ. हामिद सईद खां आदि ने विचार व्यक्त किए।