शाहजहांपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने जनपद प्रभारी रिशाल अहमद की संस्तुति से जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों से पार्टी समर्थित पांच प्रत्याशियों की दूसरी सूची शनिवार को देर शाम जारी कर दी।
कांग्रेस कार्यालय पर हुई बैठक में जलालाबाद से आए पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख राजेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की । जिलाध्यक्ष और जनपद प्रभारी ने उन्हें कांग्रेस की तिरंगी पट्टिका पहनाई और उनकी पत्नी कुसुमा देवी को वार्ड 32 से पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया। अन्य चार पार्टी समर्थित प्रत्याशियों में वार्ड छह से विजय वर्मा, वार्ड नौ से रेशमा देवी, वार्ड 20 से रेशमा वेगम और वार्ड 41 से प्रदीप शर्मा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी घोषित किये गए हैं। कांग्रेस के जिला सचिव फुरकान अहमद कुरैशी के अनुसार सभी पार्टी समर्थित प्रत्याशी शनिवार को दिन में 11 बजे नामांकन पत्र दाख़िल करने के लिए पार्टी कार्यालय पर इकट्ठा होंगे और वहां से एक साथ कलक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष को रवाना होंगे। संवाद