बंडा। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
मंगलवार शाम थाने के गेट पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रहीे थी। इसी दौरान भाजपा के गांव जमुनिया खानपुर केे बूथ अध्यक्ष सुमित मिश्रा उधर से निकले तो पुलिस ने उनकी बाइक रोक ली और कागज दिखाने को कहा। सुमित मिश्रा के अनुसार उन्होंने पुलिस को बताया कि वह 23 जनवरी को आगरा में होने वाली पार्टी की बैठक में जाने के लिए कार्यकर्ताओं से संपर्क करने निकले थे। आरोप है कि पुलिस ने हेलमेट न होने की बात कहते हुए पांच हजार रुपये की मांग की। सुमित ने चालान काटने को कहा तो पुलिसकर्मी अभद्रता करने लगे।
सुमित के सूचना देने पर कुछ ही देर में तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मामले की जानकारी सांसद अरुण सागर और विधायक चेतराम को भी दी गई। कार्यकर्ताओं का आक्रोश देखते हुए थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह आवास पर चले गए। घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं की एक दरोगा से तीखी नोकझोंक भी हो गई।
थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने आकर भाजपा कार्यकर्ताओं से वार्ता की तो काफी देर बाद भी कोई सहमति नहीं बन सकी। बाद में कार्यकर्ता सांसद और विधायक से बात कर कार्रवाई कराने की बात कहते हुए चले गए। इस दौरान भाजयुमो मंडल अध्यक्ष शंकर सिंह भदौरिया, अनिल कटियार, डॉ. महेश योगी, सरबजीत वर्मा, शैलेश वैश्य, अभिषेक शुक्ला, प्रवीण कुमार, भूषणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
चेकिंग के दौरान भाजपा कार्यकर्ता से अभद्रता का आरोप पूरी तरह से निराधार है। भाजपा के तमाम कार्यकर्ता थाने आए थे, आरोपों की जांच की जा रही है। - राजेंद्र बहादुर सिंह, थाना प्रभारी बंडा