शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का सोमवार को सड़क मार्ग से रामपुर दौरा स्थगित हो जाने से यहां नेशनल हाईवे पर गुर्री से लेकर मीरानपुर कटरा तक सपाइयों द्वारा उनके स्वागत को किए गए सारे ताम झाम धरे रह गए। हालांकि, बाजे वालों को ढोल पीटे बगैर पेमेंट मिल गया, लेकिन सिर पर लाल रंग की समाजवादी टोपियां सजाए कार्यकर्ताओं को क्षोभ और मायूसी के साथ सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए लौटना पड़ा।
तयशुदा कार्यक्रम के तहत अखिलेश का जिले की सीमा मेें दाखिल होने पर सीतापुर रोड स्थित गुर्री चौकी, रोजा अड्डा, बरेली मोड़ और मीरानपुर कटरा में स्वागत होना तय किया गया था। इसके तहत निवर्तमान जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने सभी स्थानों के लिए पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की स्वागत टीमें बना दी थीं। कटरा में पूर्व विधायक राजेश यादव को पूर्व मुख्यमंत्री के स्वागत और वहां से विदाई देने की जिम्मेदारी दी गई थी। अखिलेश को लखनऊ से बरेली जाते वक्त दोपहर 1.30 बजे गुर्री पहुंचना था, लेकिन स्वागत के लिए सभी कार्यकर्ताओं की टीमें सुबह से हाईवे पर जमा होने लगीं।
विभिन्न वाहनों से पहुंचे कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर गुर्री से लेकर जमुका तिराहा, रौजा, बरेली मोड़ के स्वागत ढाबा, बंथरा, तिलहर और कटरा तक अपने नेता के स्वागत के लिए करीब दो घंटे तक पलक पांवड़े बिछाए रहे। दोपहर 12 बजे अखिलेश रामपुर यात्रा कुछ दिन को स्थगित कर दिए जाने की सूचना मिलते ही कार्यकर्ता मायूस होकर लौट गए। इस मौके पर एमएलसी अमित यादव रिंकू, विधायक शरदवीर सिंह, प्रदीप पांडेय, सैयद रिजवान अहमद आदि मौजूद रहे।