जलालाबाद। पल्हरई गांव में फर्जी तरीके से आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र बनाने के मामले में पुलिस टीम मध्य प्रदेश जाएगी। वहां पुलिस उस व्यक्ति से पूछताछ करेगी, जिसकी आईडी और अंगूठे के निशान के क्लोन के जरिये आरोपी फर्जीवाड़ा कर रहे थे। इस मामले में पुलिस अभी गांव की कोटेदार के पति को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
11 नवंबर की शाम पल्हरई में अवैध रूप से आधार कार्ड व जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की सूचना पर तहसीलदार अनुराग दुबे ने पुलिस टीम के साथ कोटेदार आरती देवी के घर पर छापा मारा था। इस दौरान कोटेदार का पति गुड्डू राठौर भाग गया था, जबकि मौके पर हरदोई के मियांपुर बेहटा गोकुल निवासी हरगोविंद व सआदतनगर मझिला निवासी अर्पित पांडेय को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों से पूछताछ में पता लगा कि वे लोग मध्य प्रदेश के उज्जैन की खाराकुआं काॅलोनी निवासी अमन शाह की इंडियन ओवरसीज बैंक की आईडी इस्तेमाल करते थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि अमन के अंगूठा निशान के क्लोन से उनकी आईडी को लाॅगइन करके गूगल एप से किसी व्यक्ति के जन्म प्रमाणपत्र की पीडीएफ निकालकर उससे किसी भी नाम-पते का फर्जी जन्म प्रमाणपत्र तैयार कर देते थे और आधार कार्ड को अपग्रेड कर नया आधार कार्ड तैयार करते थे।
छापे के दौरान गुड्डू राठौर अंगूठे का क्लोन लेकर भाग गया था। इस कारण आईडी न खुलने से पुलिस को अभी यह जानकारी नहीं हो सकी है कि आरोपियों ने कहां-कहां कितने ऐसे फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं। पुलिस का मानना है कि इस मामले में कोटेदार के आरोपी पति से ज्यादा जानकारी मध्य प्रदेश के अमन शाह से मिल सकती है। अमन शाह से संपर्क करने के लिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश जाएगी। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।