शाहजहांपुर। रोजा की दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी में चार साल के मासूम को जहर देने के बाद हैंडलूम कारोबारी सचिन ग्रोवर उनकी पत्नी शिवांगी ग्रोवर की फंदे से लटककर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी शैंकी आनंद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि घटना से 48 घंटे पहले सचिन से व्हाट्सएप चैट पर बात हुई थी। उसने रुपया देने का दबाव बनाया था।
मंगलवार की रात को हुई घटना के बाद पुलिस ने रामनगर कॉलोनी निवासी आरोपी शैंकी आनंद को हिरासत में ले लिया था। उससे पूछताछ की जा रही थी। मामले में मृतक की सास संध्या मिश्रा ने रामनगर निवासी विक्की बग्गा और चौक के देवांग खन्ना को भी नामजद कराया था।
रविवार को रोजा पुलिस ने आरोपी शैंकी आनंद की गिरफ्तारी सेटेलाइट बस अड्डे के पास से दिखाकर न्यायालय में पेश किया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी शैंकी आनंद के मोबाइल से काफी साक्ष्य मिले हैं। मृतक सचिन ग्रोवर के साथ आरोपी की ब्याज के रुपयों के लिए घटना से करीब 48 घंटे पूर्व कई बार बात हुई थी।
उसने रुपया देने के लिए दबाव बनाया। मोबाइल पर गाली-गलौज करने की चैटिंग भी मिली। चैटिंग में आरोपी शैंकी आनंद व अन्य व्यक्तियों से भी रुपया फाइनेंस करने के साक्ष्य सामने आए हैं।
आरोपी शैंकी आनंद ने पुलिस को बताया कि वह और सचिन ग्रोवर दोस्त थे। दोस्ती के नाते एक-दूसरे के साथ रुपयों का लेनदेन था। सचिन ग्रोवर को 12 प्रतिशत से अधिक ब्याज के लालच में रुपया देता था। परिवार के सामने भंडाफोड़ व बेइज्जत करने की धमकी देकर रुपया वसूलता था।
जब सचिन ने ब्याज का रुपया वापस नहीं किया, तब उसे व उसकी पत्नी शिवांगी को बार-बार रुपया वापस करने के लिए कहा। सचिन ने परेशान होकर परिवार सहित आत्महत्या कर ली। कई और लोग भी सचिन को ब्याज पर रुपया देते थे।
विक्की की तलाश में दिल्ली और लखनऊ गईं टीमें
रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी विक्की बग्गा की तलाश में एसओजी, सर्विलांस व थाना रोजा की संयुक्त टीमें लगी हुईं हैं। सर्विलांस व एसओजी टीम विक्की बग्गा की तलाश में दिल्ली और लखनऊ गई हुईं हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
देवांग के परिजन बोले- उसका कोई दोष नहीं
तीसरे नामजद देवांग खन्ना के शनिवार को दो ऑडियो वायरल हुए थे। जिनमें सचिन उससे कार गिरवी रखने के लिए मदद मांग रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद वादी के बेटे ने देवांग की कोई गलती न होने की बात कही है।
सूदखोरों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देशन में सूदखोरी पर प्रभावी रोकथाम के लिए शाहजहांपुर पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 7839860856 जारी किया है। कोई भी पीड़ित इस नंबर पर सूदखोरों एवं सूदखोरी के विरुद्ध सूचना देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों के साथ सपा नेताओं ने दिया धरना
रोजा। सचिन ग्रोवर, उसकी पत्नी व बेटे की मौत के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सपा नेताओं के साथ दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी के गेट पर धरना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपियों को फांसी देने व घरों पर बुल्डोजर चलाने की मांग की गई। सीओ के आश्वासन के बाद धरना खत्म किया गया। रविवार सुबह साढ़े दस बजे सपा नेता लखन प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ कॉलोनी के गेट पर मृतक के परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए। उनके हाथों में मृतकों के फोटो थे। सपाइयों ने पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर सवाल खड़ा किया। शिवांगी की मां संध्या मिश्रा ने कहा कि मेरे बच्चे तो चले गए, लेकिन अब किसी और के बच्चे के साथ ऐसा न हो? इसीलिए धरने पर बैठी हैं, ताकि गुनहगारों को सजा मिले। कहा कि शैंकी आनंद को अपने बेटे से भी बढ़कर माना। शैंकी एक गैंग बनाकर सूदखोरी का काम करता है। उसके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाए। मृतका के भाई शिवाल मिश्रा ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर विधानसभा का घेराव कर आत्मदाह करेंगे। इस बीच सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान, रोशन लाल वर्मा, गायत्री देवी आदि मौजूद रहे। संवाद
मृतका की मां लगाने लगी पुलिस जिंदाबाद के नारे
धरनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने धरना समाप्त करने की अपील की। तब लोगों ने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। यह सुनकर शिवांगी की मां संध्या मिश्रा ने माइक अपने हाथ में लिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे न लगाने की अपील की, साथ ही पुलिस प्रशासन जिंदाबाद के नारे लगाने लगीं।
रोजा पुलिस की गिरफ्त में अरोपी शैंकी आनंद। स्रोत: मीडिया सेल