पुवायां। गांव मरेना में मजार के चबूतरे पर कराया गया नया निर्माण गिराने के दूसरे दिन भी गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात रही। इस दौरान गांव में शांति रही।
मरेना में एक मजार के चबूतरे पर एक वर्ष पूर्व दीवारें उठाकर लिंटर डाल दिया गया था। लिंटर के बीच में गुंबद जैसी जगह भी छोड़ी गई थी। गांव के लोगों के एतराज पर पुलिस-प्रशासन ने काम रुकवा दिया था। एक साल से लिंटर की शटरिंग आदि लगी हुई थी। कुछ दिन पूर्व किसी ने मजार पर फिर से निर्माण की कोशिश का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन जांच में मामला झूठा पाया गया। मुआयने के दौरान गांव के दोनों समुदायों के लोगों ने नया निर्माण हटवा देने पर लिखित सहमति जताई।
रविवार को एसडीएम, सीओ की माैजूदगी में नया निर्माण हटवाकर मलबा गिरने से टूटे चबूतरे को सही करा दिया गया। इस दौरान पूरी तरह से शांति रही। पुलिस की ओर से चबूतरे के पास सीसी कैमरा लगवाया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नजर रखने के लिए सोमवार दिन में दरोगा संजय कुमार और रात मेंं दरोगा ज्ञानेश्वर के साथ सिपाही तैनात रहे। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि मरेना में माहौल शांतिपूर्ण है। किसी को कोई समस्या नहीं है। सतर्कतावश पुलिसकर्मी तैनात हैं।