प्रार्थना सभा से निकलकर जाती महिलाएं।
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव पकड़िया हकीम में एक घर में पड़े टिनशेड में चल रही चंगाई सभा में पुलिस ने छापा मारकर तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। मामले की जानकारी पाकर हिंदू युवा संगठन की ओर से पुलिस को तहरीर देकर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
गांव पकड़िया हकीम निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर गांव में हर रविवार को चंगाई सभा का आयोजन करके धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस रविवार को वहां पहुंची तो मौके पर कुछ युवकों के अलावा ज्यादा संख्या में महिलाएं मिलीं। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वह टीवी पर लाइव कार्यक्रम देख रही हैं। हर रविवार को यहां कार्यक्रम देखने आती हैं।
पुलिस को मौके से ईसाई समाज से संबंधित काफी सामग्री भी मिली है। इसके बाद पुलिस ने सभा को बंद करा दिया और प्रार्थना सभा का आयोजन करने वाले मुख्य युवक सहित तीन लोगों को पूछताछ करने के लिए पकड़कर थाने ले आई। रविवार शाम को हिंदू युवा संगठन के भारत राठौर, रज्जन पांडे सहित तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंचे और मामले की तहरीर पुलिस को देकर प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की मांग की। सीओ प्रवीण मलिक ने थाने पहुंचकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की।
दो साल से हर रविवार को चल रही थी सभा... पुलिस को नहीं लग सकी भनक
गांव पकड़िया हकीम में चल रही चंगाई सभा एक दो माह से नहीं बल्कि दो साल से हर रविवार को हो रही थी। छोटे-छोटे आरोपियों को पकड़ने में मुखबिर का जिक्र करने वाली पुवायां पुलिस को इस मामले में किसी मुखबिर ने जानकारी ही नहीं दी। बताया जाता है कि गांव में दो युवकों के बीच आंबेडकर जयंती के दिन कुछ कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर एक युवक ने शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आ सकी। जांच के दौरान पुलिस का मानना है कि तमाम लोग पहले से ही इसमें शामिल हो चुके हैं। लखीमपुर खीरी जनपद का एक युवक मेन आरोपी है जो यहां आकर कार्यक्रम का आयोजन करता था। कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोग आर्थिक रूप से कमजोर तबके के हैं और उन्हें लालच देकर शामिल किया जाता था।
एक फार्मर का बेटा करता था लोगों को मेसेज
पुवायां। गांव पकडि़या हकीम में भीड़ जुटाने के लिए गांव के एक किसान का पुत्र लोगों को मोबाइल पर मेसेज करके कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करता था। जानकारी होने के बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने जांच करने के लिए कई अन्य लोगों के मोबाइल भी ले लिए हैं।
युवती बोली, मुझे बहुत फायदा...नशे की लत छूट गई
चंगाई सभा में मौजूद एक महिला ने बताया कि वह कई वर्ष से हर रविवार को आ रही है। यहां आने से उसे बहुत फायदा हुआ है। उसकी नशे की लत भी छूट गई। हालांकि महिला ने किसी भी धर्म को स्वीकार करने की बात नहीं कही। उसका कहना था कि उसकी आस्था प्रार्थना सभा में हैं।
सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस भेजी गई थी। तमाम लोग प्रार्थना सभा में मिले हैं। मामले की जांच में स्थिति स्पष्ट होगी। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।