शाहजहांपुर। रोजा पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 13 मोबाइल, तमंचे और दो बाइकों को बरामद किया है। पूछताछ में मोबाइलों को अलग-अलग जगह से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने 15 नवंबर को मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी केबी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अटसलिया फाटक पुल के पास आरोपियों की घेराबंदी शुरू की। आरोपियों ने पुलिस के ऊपर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने खुद का बचाव करते हुए चारों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 13 मोबाइल, दो तमंचे, कारतूस व दो बाइकों को बरामद किया है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने थाना रामचंद्र मिशन के गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी शिवम वर्मा व फिरोज, सराय काइयां निवासी सूरज और निखिल को गिरफ्तार किया है। शिवम वर्मा ने पुलिस को बताया कि सारे मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों से चोरी किए थे।पकड़े जाने के डर के चलते पुलिस टीम पर फायर किया था।