विधायक ने भेजा एसपी को पत्र
ददरौल के विधायक अरविंद सिंह ने खाटू श्याम मंदिर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के लिए एसपी राजेश एस. को पत्र भेजा। पत्र में बताया कि मंदिर पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं लेकिन यहां पुलिस की तैनाती नहीं रहती है। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। लोगों को ब्लॉक मुख्यालय समेत अन्य स्थान पर जाने में कठिनाई आती है।
ट्रस्टी बोले सूचना दी... पुलिस ने किया इन्कार
खाटू श्याम मंदिर के मुख्य ट्रस्टी अशोक अग्रवाल ने बताया कि खाटू श्याम मंदिर में देवोत्थान एकादशी पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पुलिस को सूचना दी थी। समय-समय पर पत्राचार भी करते हैं, लेकिन अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। वहीं, चौक कोतवाल राजीव तोमर ने बताया कि पुलिस के पास कार्यक्रम की सूचना नहीं थी। इस संबंध में कमेटी को नोटिस दिया जाएगा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के छूट गए जूते-चप्पल
हादसे के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला। इस बीच बड़ी संख्या में लोगों के जूते-चप्पल भी छूट गए। मंदिर के गेट पर ढेर लगा रहा। कुछ श्रद्धालु चप्पलों को तलाश करते बुधवार को नजर आए।
हादसे के बाद जागे अफसर, तब कराई व्यवस्था
मंदिर में हादसे के बाद पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई। खाटू श्याम मंदिर में इतनी भीड़ उमड़ने के बाद भी नाममात्र को पुलिस लगी थी। वह भी सड़क से वाहनों को पास कराने में लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में पुलिस की कोई व्यवस्था नहीं थी।
हादसा होने के बाद भी चौक कोतवाली पुलिस मामले को छिपाए रही। जब उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि सुरक्षा के लिए पर्याप्त वालंटियर समेत अन्य जानकारी के लिए नोटिस जारी किया जाएगा।
सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि मंदिर में हादसे की जानकारी के बाद मौके पर गए थे। मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।