पुवायां। तीन माह से चोरी के खुलासे के लिए चक्कर लगा रहे पीड़ित का कहना है कि पुलिस उससे कह रही है कि चोरों के नाम बताओ, घटना का खुलासा कर देंगे। परेशान पीड़ित ने शिकायत मुख्यमंत्री और डीजीपी से की है।
गांव बेला छेदा निवासी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि 27 मई की रात चोरों ने उनके घर में नकब लगाकर पेंडल सहित सोने की एक चेन, लाॅकेट, दो अंगूठी, झुमकी, बाली, नथ, झाले, चांदी के सिक्के, पायल, बिछुआ आदि चोरी कर लिए थे। 28 मई को उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 29 मई को एसओजी ने उनके घर पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर जांच की थी। वह सीओ से भी चोरी के खुलासे की मांग कर चुके हैं।
प्रदीप के अनुसार पुलिस उनसे कह रही है कि चोरों का नाम बताओ। अगर उन्हें चोरों का नाम पता होता तो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट ही क्यों दर्ज कराते? पुलिस चोरी के मामले में घोर लापरवाही बरत रही है। पुलिस के शक के आधार पर कुछ लोगों को पकड़ा था। पकड़े गए लोगों को छोड़ा गया तो वे लोग भी उनसे रंजिश मानने लगे हैं। इससे परिवार के लोग बेहद परेशान हैं।
बेला छेदा में हुई चोरी की घटना में थाना पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीम लगी हुई हैं। जांच चल रही है, रोज उसकी मॉनिटरिंग करता हूं। पीड़ित आज भी मेरे पास आए थे, मैंने थाने भेजा था। प्रयास चल रहे हैं कि जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां