तिलहर। नगर पालिका परिषद की ऑनलाइन निविदा में फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र लगाकर ठेका हासिल करने के आरोप में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वार्ड संख्या 11, मोहल्ला मीरगंज निवासी सभासद कय्यूम खां की शिकायत पर हुई जांच में चरित्र प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद डीएम के निर्देश पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए नगर पालिका से अभिलेख मांगे हैं।
सभासद कय्यूम खां ने 20 जून को डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया था कि मोहल्ला नितगंजा निवासी ठेकेदार प्रदीप कुमार गुप्ता ने नगर पालिका की ऑनलाइन निविदा में फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र लगाकर ठेका हासिल किया। शिकायत के बाद डीएम स्तर से मामले की जांच कराई गई। जांच में चरित्र प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने की पुष्टि होने पर डीएम ने अधिशासी अधिकारी को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने 25 अगस्त को मैसर्स मथुरा कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार प्रदीप कुमार गुप्ता के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका की ओर से विभिन्न विकास कार्यों के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गईं थीं। इसमें चार प्रतिभागियों ने भाग लिया था। प्रदीप कुमार गुप्ता ने हैसियत प्रमाणपत्र, जीएसटी, लेबर और ईपीएफ से संबंधित अभिलेखों के साथ डीएम कार्यालय से जारी चरित्र प्रमाणपत्र भी लगाया था।
निविदा में वार्ड छह के बहादुरगंज में रामनरेश की दुकान से प्रमोद के आगे आरा मिल तक मिट्टी भराव कर सड़क का उच्चीकरण और नाली निर्माण, तहसील रोड स्थित पालिका के कम्युनिटी सेंटर में किचन का अवशेष निर्माण, शादी हाल की बाउंड्रीवाॅल की मरम्मत व जीर्णोद्धार, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प तथा नगर क्षेत्र में इंडिया मार्क हैंडपंपों के रीबोर के कार्य शामिल थे। इन कार्यों के लिए पांच से 14 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई थीं।
विभागीय अभिलेख मांगे जाएंगे
सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि डीएम के निर्देश पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर ठेकेदार प्रदीप कुमार गुप्ता के खिलाफ फर्जी चरित्र प्रमाणपत्र लगाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। संबंधित विभागीय अधिकारियों से अभिलेख मांगे जाएंगे। अभिलेख प्राप्त होने के बाद जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।