निगोही। संविदाकर्मी के मकान के पास मिले ट्रांसफॉर्मरों का मामला पेचीदा होने लगा है। ठेकेदार के तहरीर देने के 26 घंटे के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। दूसरी ओर विद्युत निगम भी जवाब देने से कतरा रहा है। अधिशासी अभियंता ने जेई से जांच कराने और अधीक्षण अभियंता ने शिकायत आने पर जांच कमेटी बनाने की बात कही है।
सोमवार को पुलिस ने विद्युत निगम के ट्रांसफाॅर्मर ठेकेदार ओमप्रकाश वर्मा की सूचना पर गांव उदरिया में संविदाकर्मी के घर के पास पांच ट्रांसफाॅर्मर और उनमें प्रयोग होने वाला तेल व अन्य सामान बरामद किया था। ठेकेदार ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की, लेकिन 26 घंटों से अधिक का समय बीत जाने पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
जेई ब्रजेश सिंह के अनुसार, हल्की खराबी के कारण ट्रांसफॉर्मरों को शाहजहांपुर वर्कशॉप नहीं भेजकर यहीं ठीक कर लिया जाता है। बरसात में विद्युत उपकेंद्र निगोही में ट्रांसफॉर्मर रखने की व्यवस्था नहीं है। इसलिए संविदा कर्मी के घर के पास सुरक्षित रखकर उनकी मरम्मत कर ली जाती है।
अधिशासी अभियंता विद्युत अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। मामले में अवर अभियंता के जरिये जांच कराएंगे। संविदा कर्मी के दोषी पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि मामले की जांच विद्युत निगम करेगा। उनकी जांच के बाद आने वाली रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं है। रिपोर्ट मांगी गई है, शिकायत आने पर जांच कमेटी बनाएंगे।
-अनुज प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता