शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र के उचौलिया में शुक्रवार की रात बदमाशों ने एक ट्रक लूट लिया। सूचना पर आरसी मिशन थाने की पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
बिहार के समस्तीपुर जिले के थाना सकरा विभीतीपुर के गांव महमदपुर निवासी चालक मनोज साहनी बिहार से शामली के लिए ट्रक में स्क्रैप लोड करके जा रहा था। शुक्रवार रात करीब दस बजे उसने लखीमपुर के पसगवां थाना क्षेत्र के उचौलिया में ढाबे पर खाना खाया। ढाबे से जैसे ही ट्रक लेकर बढ़ा तो पीछे से एक गाड़ी में सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक रोक लिया। गाड़ी से उतरे दो बदमाशों ने ड्राइवर पर तमंचा तान दिया। लुटेरों ने ड्राइवर को बाहर खींचकर बांधकर एक ओर डाल दिया और ट्रक लेकर भाग गए।
वायरलेस पर सूचना प्रसारित होने के बाद थाना रामचंद्र मिशन प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने पुलिस के साथ नेशनल हाईवे पर हिंदुस्तान ढाबे के पास बैरिकेडिंग लगा दी। ट्रक लूटकर आ बदमाशों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने अपना वाहन ट्रक के सामने लगा दिया। पुलिस ने चारों तरफ से ट्रक घेर लिया। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों को थाने लाया गया। उन्होंने अपना नाम सर्बजीत, आशीष उर्फ साका निवासी उचौलिया थाना पसगवां जिला लखीमपुर खीरी, निखिल निवासी महोदियापुर थाना पसगवां व अनूप निवासी रत्नापुर थाना पसगवां बताया। लुटेरों से असलाह भी बरामद हुए हैं। थाना पसगवां में तैनात एसआई राहुल कुमार ने यहां आकर पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन महेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है। पसगवां पुलिस भी अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
एसपी ने थपथपाई पुलिस की पीठ
लखीमपुर खीरी के पसगवां थाना क्षेत्र के उचौलिया में लूटे गए ट्रक की यहां बरामदगी एवं चारों लुटेरों की गिरफ्तारी करने पर पुलिस अधीक्षक एस. आनंद ने प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन महेंद्र कुमार की पीठ थपथपाई है। उन्होंने गिरफ्तार लुटेरों से पूछताछ भी की।