जलालाबाद। कालाबाजारी की शिकायत पर पुलिस ने चावल लदे टेंपों को सरायसाधौ गांव के मोड़ के पास पकड़ लिया। एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने जांच-पड़ताल के बाद रिपोर्ट उन्हें सौंप दी है।
मंगलवार सुबह 112 डायल से पुलिस को सूचना मिली कि सरकारी चावल कालाबाजारी के लिए टेंपो से ले जाया जा रहा है। पुलिस ने टेंपो को पकड़ लिया। जानकारी मिलने पर एसडीएम रवींद्र कुमार ने पूर्ति निरीक्षक रामनरेश यादव को थाने भेजा। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि चावल 18 प्लास्टिक की बोरियों में रखा था, जिसकी पैकिंग सरकारी नहीं थी। पूछताछ में टेंपो चालक व चावल व्यापारी ने बताया कि वह मंडी में फुटकर में चावल खरीद लेते हैं और आठ-दस क्विंटल हो जाने पर उन्हें मदनापुर के पास एक कारखाने में बेच देते हैं। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच रिपोर्ट एसडीएम को भेजी जा रही है। उनके आदेश पर कार्रवाई की जाएगी। चावल के बरामद कट्टे नगर के कोटेदार रामप्रकाश मिश्र की सुपुर्दगी में दिए गए हैं। संवाद