शाहजहांपुर। एक बार फिर पुलिस का मानवीय चेहरा देखने को मिला है। लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी में रहने वाले राकेश कुमार श्रीवास्तव की शहर के रामलीला मैदान के पास रहने वाली बहन रेनू श्रीवास्तव के पैर में चोट लग गई थी। शनिवार को उन्होंने शहर के एक निजी अस्पताल में बहन को भर्ती कराया था। बहन को खून चढ़ाने की जरूरत पड़ने पर एसपी कार्यालय फोन कर मदद मांगी, जिस पर एसपी डॉ. एस चिनप्पा ने दो सिपाहियों ने तुरंत अस्पताल भेजा, जिन्होंने रक्तदान किया। दरअसल प्रदेश में कोविड-19 की महामारी के कारण लोगों का आना जाना बंद है। इस कारण तत्काल खून की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। जिस पर राकेश ने एसपी कार्यालय में फोन कर अपनी समस्या बताई। जहां से कुछ ही देर में दो सिपाही विपिन कुमार और आदित्य कुमार अस्पताल पहुंच गए। जिन्होंने रक्तदान करके मित्र पुलिस और मानवता का परिचय दिया।
पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल बना रही मास्क
शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए जिले की महिला कांस्टेबल ने मास्क बनाने का बीड़ा उठाया है। एएसपी देहात अपर्णा गौतम के पर्यवेक्षण में पुलिस लाइन में 12 महिला कांस्टेबल श्रेय पटेल, मोनिका राग, मीना सिंह, शिवांगी, वंशिखा, पुष्पा देवी, रूबी रानी, किरन सिंह, उर्वशी आदि रोजाना 200 कपड़े के मास्क बना रही हैं। रोजाना तैयार होने वाले यह मास्क पुलिस गरीब लोगों को बांटेगी। महिला कांस्टेबल का कहना है कि इस समय देश संकट से गुजर रहा है। इस घड़ी में उनके मन में सिर्फ एक ही धुन सवार है कि किसी तरह कोरोना को हराना है इसलिए वे सुबह से लेकर रात तक मास्क बनाने में लगी है ताकि उन असहाय लोगों तक भी ये पहुंच सके जो इन्हें खरीदने में अक्षम हैं। पुलिस दिन रात लोगों की सेवा में लगी हुई है। ऐसे में लोगों का भी फर्ज है कि वे लॉकडाउन को सफल बनाने में पुलिस का सहयोग करें।