जलालाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पिंटू यादव। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कलान थाना क्षेत्र के गांव रमपुरा निवासी पिंटू यादव को गिरफ्तार किया। चार लोग पिकअप वाहन से कूदकर भाग गए। पिंटू के पास से चोरी करने के उपकरणों के साथ विद्युत तार का एक बंडल बरामद किया गया है।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि पिंटू ने पूछताछ में बताया कि वे लोग दिन में घूम-फिरकर नीचे रखे ट्रांसफाॅर्मर को देख लेते हैं और रात में बंच केबल व काॅपर कोर सहित तेल चोरी कर लेते हैं। इसके बाद पिकअप वाहन से गांव ले जाकर उसे बेचकर रुपया आपस में बांट लेते हैं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि 18 अक्तूबर को उपखंड अधिकारी सौरभ शाक्य ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि जलालाबाद रोड पर आरके धर्मकांटा के पास शिवधाम कॉलोनी गेट पर लगाए गए 250 केवीए के ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर उसमें भरा तेल, कॉपर क्वायर एवं बंच केबल चोरी हो गया।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, कलान के रमपुरा गांव के विपिन यादव व परौर के रजुआपुर गांव निवासी मुनीश, चिता नगला गांव निवासी पवन कश्यप, अभिषेक की तलाश की जा रही है।