शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा कि छात्राओं को डरने की जरूरत नहीं है। अगर राह चलते कोई शोहदा उनके साथ अभद्रता की कोशिश करता है तो उसे सख्ती से जवाब दें। आवश्यकता पड़ने पर डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। वह बृहस्पतिवार को आर्य महिला डिग्री कॉलेज में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में विचार व्यक्त कर रहे थे।
एसपी ने छात्राओं को यातायात नियमों और साइबर अपराध के बारे में भी जानकारी दी। एसपी ने कहा कि यातायात नियम आपकी सुरक्षा के लिए हैं। बगैर हेलमेट पहने या बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने पर हादसा होने पर जान का जोखिम ज्यादा होता है। यह बात खुद भी समझें और अपने आसपास के लोगों को भी बताएं।
उन्होंने कहा कि केवल पुलिस से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन न करें बल्कि अपनी सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसा करना ज्यादा समझें। उन्होंने बताया कि वैश्विक बीमारी कोरोनाकाल में जितने लोगों की मृत्यु नहीं हुई जितनी हर साल सड़क हादसों में होती है।
उन्होंने कहा कि आज पढ़ाई के लिए भी मोबाइल का इस्तेमाल हो रहा है। मोबाइल का सदुपयोग करें और साइबर सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने से फोटो-वीडियो का इस्तेमाल साइबर ठग भी कर सकता है।
एसपी ने कहा कि आज के समय में छात्राओं को किसी से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। अगर सड़क पर चलते समय कोई शोहदा परेशान करने की कोशिश करता है तो उसका सख्ती से जवाब देना सीखें। अपने परिजनों या शिक्षकों को उसके बारे में बताएं। पुलिस की मदद लें। पुलिस तत्काल कड़ी कार्रवाई करेगी।
कार्यक्रम में 50 से ज्यादा छात्राएं मौजूद रहीं। इस दौरान प्राचार्य डॉ. रुपांशुमाला, उप-प्राचार्य दुर्गावती, अनुराधा, डॉ. मनोरमा शुक्ला, भावेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।
-
छात्राओं ने बताई समस्या, एसपी ने कराया त्वरित निदान
इस दौरान छात्राओं ने एसपी से साइबर सुरक्षा, अनचाहे कॉल, यातायात नियमों आदि के बारे में सवाल पूछे। एसपी राजेश द्विवेदी ने उनका जवाब दिया। एक छात्रा ने सदर क्षेत्र के एक होमगार्ड के बारे में शिकायत की। उसने कहा कि एक होमगार्ड दूसरे व्यक्ति की गैरकानूनी मदद करता है। इस पर एसपी ने तत्काल सदर इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह को कार्रवाई करने के लिए कहा। इंस्पेक्टर ने जानकारी दी कि होमगार्ड निलंबित चल रहा है। एसपी ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस बीच एक छात्रा ने अनचाहे कॉल आने की बात कही। इस पर एसपी ने उसे केवल जान-पहचान के नंबर पर ही बात करने और बाकी को नजअंदाज करने की सलाह दी।
एसपी ने बताई कॅरिअर की राह
एसपी ने छात्राओं से कहा कि आज के समय में वह परंपरागत के साथ ही अन्य प्रोफेशन भी चुन सकतीं हैं। पहले कॅरिअर के सीमित विकल्प होते थे, आज असीमित क्षेत्र उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को ब्लॉगिंग, पेंटिंग, खेलकूद या जो उन्हें अच्छा लगता है, उसको अपना कॅरिअर बनाना चाहिए। पढ़ाई के साथ ही अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लें।
शाहजहांपुर के आर्य महिला डिग्री कॉलेज में पुलिस की पाठशाला में उपस्थित छात्राएं। संवाद