जलालाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्रोत: पुलिस
जलालाबाद। 22 जुलाई को मिर्जापुर से जलालाबाद आने के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को काले झंडे दिखाकर सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने व नारेबाजी करने के एक आरोपी थाना कांट के गांव रावतपुर निवासी तौसीफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में 23 जुलाई को तौसीफ समेत चार लोगों को नामजद करते हुए चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
सीओ दीपक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात तौसीफ को कांट क्षेत्र के गांव इकनौरा के पास से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कांट थाने में भी एक मुकदमा दर्ज है। 22 जुलाई को जलालाबाद में कार्यक्रम निपटाने के बाद मिर्जापुर जा रहे उप मुख्यमंत्री के काफिले के सामने कोला मोड़ के समीप अचानक सामने आए कुछ लोगों ने एकराय होकर सुनियोजित ढंग से उनके सुरक्षा काफिले को रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान जब ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल द्वारा आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया तब आरोपियों ने विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। सीओ ने बताया कि बाकी नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो के जरिये आरोपियों की पहचान की जा रही है।