त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए शुक्रवार को होने जा रहे मतदान के दौरान कई स्तर पर जांच और सत्यापन कराने के बाद पुलिस ने प्रत्याशी विशेष के पक्ष में दबाव बनाने या बवाल कर सकने वाले तत्वों की सूची बृहस्पतिवार को तैयार कर ली। पुवायां, बंडा, खुटार और सिंधौली थाना क्षेत्रों के ऐसे कुल 103 लोगों को मतदान से ऐन पहले की संध्या पर रेड कार्ड नोटिस थमा दी गई। इन्हें मतदान वाले दिन सिर्फ वोट डालने के लिए ही घर से बाहर निकलने की अनुमति दी गई है और पूरे समय घर पर बने रहने को कहा गया है। बावजूद इसके अगर ये अशांति फैलाने या उस संबंधी गतिविधियों को हवा देने में लिप्त पाए गए तो तत्काल हिरासत में लिए जाएंगे और चालान किया जाएगा।
इन चारों थाना क्षेत्रों के विभिन्न प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान वाले दिन अप्रत्यक्ष तौर पर वोटरों पर दबाव बना सकने वाले कुल करीब 500 लोगों को चिन्हित किया गया है। गुप्तचरों ने बृहस्पतिवार को इनके बारे में अपडेट दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के ये प्रभावशाली लोग प्रत्याशी विशेष के पक्ष में वोटरों को लुभाने के लिए मतदान वाले दिन विशेष दावत या खानपान की व्यवस्था करा रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम को ऐसे लोगों के नाम, गांव, पेशा आदि ब्योरे की सूची तैयार कर ली गई और मोबाइल गश्त के लिए तैनात 37 विशेष पुलिस टीमों को उनके इलाके में ऐसी सूची में शामिल लोगों का ब्योरा सौंप दिया है। ऐसे तत्वों की लगातार जांच जारी रहेगी और दावत या प्रलोभन देने सरीखी गतिविधियों में लिप्त पाते ही तत्काल इन्हें मौके से उठाकर हवालात में बंद करने का निर्देश दिया गया है। इस लिहाज से इन चारों थाना क्षेत्रों के 74 पोलिंग सेंटरों से जुड़े गांवों पर विशेष निगरानी व्यवस्था रात से ही लागू कर दी गई है।
एसपी बबलू कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव को निर्विघ्न और शुचिता से संपन्न कराने के लिए हरसंभव उपाय किए गए हैं। विशेष गश्त टीमें ड्यूटी पर रात से ही उतार दी गई हैं ताकि समय रहते ही निर्वाचन प्रक्रिया को किसी भी रूप में अनुचित तरीके से प्रभावित करने वाले तत्वों पर नकेल कसी जा सके।