भैंसी नदी में खड़ी सरसों की फसल। स्रोत : सोशल मीडिया
पुवायां। सूखी पड़ी भैंसी नदी में बंडा के गांव बसंतापुर के पास गांव के ही एक व्यक्ति ने जोताई कर सरसों बो दी। सरसों जमने के बाद पता चलने पर फोटो और वीडियो नदी के नाम से बने वाट्सएप ग्रुप पर शेयर किया गया है। संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
नदी पुनर्जीवन अभियान के तहत डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने भैंसी नदी का चयन किया था। लगभग 20 साल से सूखी नदी को खोदाई कराई गई थी और नदी किनारे पौधरोपण भी कराया गया। नदी में पानी नहीं आ सका है। इसका लाभ उठाते हुए कुछ लोग नदी में खनन कर रहे हैं। कुछ दिन पूर्व गांव बसंतापुर के एक व्यक्ति ने नदी में जोताई कर सरसों की बोआई कर दी। नदी पुनर्जीवन अभियान में लगे स्वयंसेवकों ने सरसों की फसल के फोटो, वीडियो ग्रुप में डालकर अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की है। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि भैंसी नदी में कब्जे के प्रयास में पूर्व में कार्रवाई करते हुए कब्जेदार को जेल भेजा गया था। मामले की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद