शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बुधवार को सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी के निरीक्षण में सच्चाई सामने आ गई। वार्डों में भर्ती मरीजों को पानी जैसा दूध दिया जा रहा था। दलिया दूध में बनाने की जगह केवल पानी डालकर काम चलाया जा रहा था। ओपीडी और वार्ड में ड्यूटी से गैरहाजिर मिलने पर सीडीओ ने सीएमएस समेत दस डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा है। निरीक्षण के दौरान महिला अस्पताल में भी काफी गंदगी मिली।
मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं को परखने के लिए सीडीओ बुधवार को सुबह सवा आठ बजे टी-शर्ट और लोअर पहनकर पहुंच गए। ओपीडी में उन्हें पर्चा काउंटर पर लंबी लाइन लगी मिली। उमस भरी गर्मी में मरीज-तीमारदार बेहाल थे। सीडीओ के मुताबिक, मरीजों और तीमारदारों की संख्या देखकर लग रहा था कि पंजीकरण काउंटर पर कर्मचारी समय से नहीं आते हैं।
ओपीडी में डॉक्टरों के चैंबरों में झांका तो कई खाली पड़े थे। डॉ. संदीप, डॉ. केसी वर्मा, डॉ. करन, डॉ.पंकज, डॉ. विवेक मौर्या गैरहाजिर थे। मरीज चैंबर के बाहर उनके आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। चैंबर में मिले कर्मचारियों ने मरीजों की तरह सीडीओ को भी रटा-रटाया जवाब दिया कि डॉक्टर वार्डों में भर्ती मरीजों को देखने गए हैं।
वहां से सीडीओ वार्डों में पहुंच गए। वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला। सीडीओ ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सक समय से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होते हैं। कर्मचारी गुमराह करने की कोशिश करते हैं। इसके बाद वह अस्पताल की रसाेई में पहुंच गए। यहां तो अव्यवस्थाओं का अंबार लगा था।
रसाेई की सफाई संतोषजनक नहीं थी। उन्होंने मरीजों को दिए जाने वाले दूध को पीकर देखा। इसमें पानी की अधिक मिलावट की गई थी। मरीजों के लिए बने दलिये में दूध के बजाये केवल पानी का प्रयोग किया गया था। सीडीओ ने नमकीन दलिया चखा तो उसमें नमक की मात्रा अधिक थी। सीडीओ ने अव्यवस्थाएं मिलने पर सीएमएस के बारे में पूछा। जवाब मिला कि वह आए नहीं हैं।
सीडीओ ने बताया कि रसोईघर में अव्यवस्था के साथ ही दूध, दलिया की गुणवत्ता असंतोषजनक मिली है। वहां गंदगी मिलने से स्पष्ट है कि सीएमएस अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। उनके तीन बार निरीक्षण में सीएमएस एक बार भी उपस्थित नहीं मिले। सीडीओ ने बताया कि गैरहाजिर चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पर्यवेक्षण में लापरवाही पर सीएमएस डॉ. सरोज से भी जवाब तलब किया गया है।
महिला अस्पताल में गंदगी, डॉक्टर भी गैरहाजिर
सीडीओ को महिला अस्पताल में विभागाध्यक्ष डॉ. शिल्पी, सहायक आचार्य डॉ. आसिफ सिराज अनुपस्थित मिले। वार्ड में डॉ. अवधेश व डॉ. कौशल ही मिले। डॉ. रिचा और डॉ. मारिया भी गैरहाजिर मिलीं। यहां भी सुबह का नाश्ता नहीं बांटा गया था। वार्ड में काफी गंदगी थी।
दलिया और दूध का वायरल हुआ था वीडियो
मरीजों को मिलने वाले दलिये की गुणवत्ता को लेकर पूर्व में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती। बुधवार को निरीक्षण में सारी स्थिति सामने आ गई।
निरीक्षण के दौरान मिली कमियों के संबंध में अधिकारियों-कर्मचारियों से पहले स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाएगा। स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने की स्थिति में संबंधित का वेतन रोके जाने की कार्रवाई की जाएगी।
-उत्कर्ष द्विवेदी, सीडीओ
राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजाें को दिए जाने वाला दूध की गुणवत्ता चेक करते सीडीओ उत्कर्ष द्विवेद