शाहजहांपुर। हथौड़ा स्टेडियम में शनिवार को संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की ओर से संकुल स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंडर-14 बालक-बालिका, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में कुल 59 स्पर्धाएं कराई गईं।
संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, तिलहर, बिहारी लाल सरस्वती विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर पुवायां, सरस्वती विद्या मंदिर, पूरनपुर, आरएसआरडी. सरस्वती विद्या मंदिर, पूरनपुर, सरस्वती विद्या मंदिर, मझोला, सरस्वती विद्या मंदिर, बिलसंडा, सरस्वती विद्या मंदिर, जलालाबाद तथा चिरौंजी लाल सरस्वती विद्या मंदिर, पीलीभीत के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इनमें 100, 200, 400, 600, 800, 1500, 3000 और 5000 मीटर दौड़ के साथ बाधा दौड़, रिले, क्रॉस-कंट्री, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक और त्रिकूद आदि प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। मेजबान विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 स्वर्ण, 10 रजत और 10 कांस्य समेत कुल 32 पदक जीते। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।
मुख्य अतिथि सुरेंद्र पाल बमनिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार सिंह और उपप्रधानाचार्य बसंत कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता संपन्न हुई। खेल परीक्षक योगेंद्र सिंह, वेद प्रकाश और रेनू यादव ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
हथौड़ा स्टेडियम में संकुल स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रतिभाग करता खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक