तिलहर सीएचसी की सीबी-नेट लैब पर मशीनों के ऊपर गिरे लिंटर के टुकड़े। संवाद
तिलहर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सीबी-नेट लैब की छत का प्लास्टर बुधवार रात अचानक गिर गया। इस घटना में लैब में रखी महंगी मशीनें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसा रात में हुआ, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, बृहस्पतिवार को मरीजों की जांच नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार सुबह जब कर्मचारी लैब पहुंचे तो वे अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। सीमेंट और प्लास्टर के बड़े-बड़े टुकड़े सीधे मशीनों और उपकरणों पर गिरे हुए थे।
सीबी-नेट लैब में काम करने वाले प्रमोद वर्मा और सचिन गुप्ता ने बताया कि छत से भारी मात्रा में मलबा गिरा है। उन्होंने कहा कि यदि दिन में यह हादसा होता तो गंभीर चोटें आ सकती थीं। घटना के बाद कर्मचारियों में भय का माहौल है। उन्होंने भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रमोद कुमार वर्मा ने बताया कि रोजाना करीब 30 मरीजों की जांच होती है। बृहस्पतिवार को केवल मरीजों की पहले की रिपोर्ट दी गईं। एक भी जांच नहीं हो सकी। करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. ओमेंद्र राठौर ने बताया कि यह भवन करीब 30 वर्ष पुराना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर लैब को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। इंजीनियरों की टीम जांच के लिए बुलाई जा रही है। मशीनों के क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई। इंजीनियर के आने के बाद मशीनों की स्थिति की जानकारी मिलेगी।