शाहजहांपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शुक्रवार को शहर के 19 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 8688 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को देखते हुए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सभी बोर्डों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे और रोडवेज ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीन स्थानों पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं।
परीक्षा में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार शाम से ही अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कई अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डे पर ठिकाना बनाया। परीक्षा के लिए पूर्व निर्धारित केंद्र ही रहेंगे। परिवहन निगम ने बदायूं जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए चार बसें लगाई हैं। ये बसें सुबह रवाना होंगी।
बिजनौर जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी एक बस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा अभ्यर्थी दिल्ली रूट पर संचालित बसों से भी बिजनौर जा सकेंगे। एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि जिस रूट के अभ्यर्थी आएंगे। वहां के लिए बस को रवाना किया जाएगा।
बिजनौर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने शाहजहांपुर से बिजनौर जाने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। इसके लिए मुरादाबाद से खाली रैक बृहस्पतिवार शाम को शाहजहांपुर पहुंच गया। ट्रेन को शुक्रवार सुबह निर्धारित समय पर रवाना किया जाएगा।
रेलवे ने प्लेटफॉर्म पर चाय स्टॉल के पास अभ्यर्थियों के बैठने और आराम करने के लिए जगह की सफाई कराई है। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके ठाकुर ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दो यूटीएस काउंटर खोले गए हैं। इसके साथ ही हेल्प डेस्क भी सक्रिय कर दी गई हैं, ताकि अभ्यर्थियों को जरूरी जानकारी मिल सके।