जलालाबाद के गांव गोरा में रामगंगा की आरती करते हुए विधायक हरिप्रकाश वर्मा व अन्य। स्रोत: सूचना
शाहजहांपुर। जिला गंगा समिति एवं वन विभाग की ओर से बृहस्पतिवार शाम को जलालाबाद में रामगंगा नदी के समीप स्थित गांव गोरा गांव में विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशहरा पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान गंगा आरती की गई। इस दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक हरिप्रकाश वर्मा व अन्य अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण कर किया। ग्रामवासियों को पर्यावरण प्रहरी बताते हुए सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने नदियों को स्वच्छ रखने के लिए नदियों को निर्मल व अविरल रखने के लिए निवेदन किया।
एसडीएम दुर्गेश यादव ने पेड़-पौधों, नदियों, तालाबों, आर्द्र भूमि व समस्त जल स्रोतों को संरक्षित रखने के लिए बढ़-चढ़कर आगे आने की अपील की। गंगा समग्र के जिला संयोजक अधिवक्ता करुणाशंकर वाजपेयी एवं जिला सह संयोजक मैथिलीशरण गुप्ता ने नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के सुझाव बताए।
गंगा दशहरा को उत्सव के रूप में मनाने के लिए ग्रामवासियों ने मां गंगा आरती की। असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. रूपक श्रीवास्तव ने गंगा माता की जयकारे लगाए। नमामि गंगे डीपीओ डाॅ. विनय कुमार सक्सेना ने नमामि गंगे परियोजना के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष विनोद अग्निहोत्री, तहसीलदार पैगाम हैदर, पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन राजीव सक्सेना आदि मौजूद रहे।