शाहजहांपुर में अंटा चौराहे पर लगा जाम। संवाद
शाहजहांपुर। अंटा चौराहा के पास पानी की पाइप लाइन फटने के बाद मंगलवार को उसकी मरम्मत कराई गई। हालांकि, पानी की समस्या तो शाम तक ठीक हो गई लेकिन चौराहे पर खोदाई के बाद सड़क को समतल करने की वजह से पूरे दिन लोग जाम से जूझते रहे।
यातायात को सुचारु रखने के लिए यहां पर ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही और होमगार्ड को ड्यूटी पर लगाया गया था लेकिन वाहनों का दबाव बढ़ने पर दोपहर में यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। वाहनों को गलियाें से होकर गुजारने का प्रयास किया तभी बिजलीपुरा जाने वाले रोड पर ट्रॉली का पहिया खोदी गई सड़क में धंस गया। इसके चलते वाहनों का निकलना दूभर हो गया। सूचना पर यातायात निरीक्षक बाल किशन यादव मौके पर पहुंचे। खोदाई करने वाले ठेकेदार से जेसीबी को मंगाई फिर ट्रॉली को किसी तरह से निकाला गया। इस बीच स्कूली वैनों में बच्चे परेशान होते रहे। यातायात निरीक्षक बाल किशन ने बताया कि दोपहर तीन बजे जाम की समस्या खत्म हो गई थी।
-
दो दिन बाद 200 घरों में जलापूर्ति पहुंची
शाहजहांपुर। सीवर लाइन का चैंबर बनाने के लिए अंटा चौराहा पर रविवार को खोदाई करने के दौरान जलापूर्ति की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी जिससे मोहल्ला चमकनी कर्बला व बृज विहार के करीब 200 घरों में पानी सप्लाई ही बंद हो गई। दो दिनों तक लोग पानी को तरसते रहे। मंगलवार को जल निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को जोड़ा, जिसके बाद घरों तक पानी पहुंच गया। चमकनी कर्बला निवासी रामलाल ने बताया कि दोपहर बाद पानी आने से काफी राहत मिली है। दो दिनों से काफी परेशानी हो रही थी। नहाने व कपड़े धोने तक के लिए पानी नहीं मिल पा रहा था। संवाद