मोहल्ला बाबूजई में लोगों की समस्या सुनते पूर्व नगर पालिका चेयरमैन तनवीर खां
शाहजहांपुर। महानगर में पेयजल की समस्या से मोहल्ला बाबूजई, जियाखेल और जलालनगर के लोग परेशान हैं। मोहल्ला बाबूजई में लोगों को पिछले 40 दिनों से पानी नहीं मिल पा रहा। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद उस पर ध्यान नहीं दिया गया। शुक्रवार को सपा व कांग्रेस के नेताओं ने मोहल्ले में पहुंचकर लोगों की समस्या सुनीं और अधिकारियों से वार्ता कर समाधान कराने की मांग की है।
मोहल्ला बाबूजई में डॉ. नूर वाली गली व उसके आसपास के स्थित सैकड़ों घरों में पिछले 40 दिन से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसकी जानकारी मिलने पर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां मोहल्ले में पहुंचे, जहां लोगों ने उन्हें समस्या से अवगत कराया। इस पर उन्होंने तुरंत ही नगर आयुक्त से मोबाइल पर वार्ता कर तत्काल पानी की टंकियों की व्यवस्था कराने तथा जल्द पेयजल सप्लाई सुचारू कराने की भी मांग की। साथ ही दो दिन के अंदर समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उनके अलावा कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश सचिव अदीब अहमद भी मोहल्ला बाबूजई पहुंचे तथा नगर आयुक्त तथा जलकल के जेई से वार्ता कर समस्या का समाधान कराए जाने को लेकर अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि जेई ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी है और शनिवार को सुबह से ही कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।