आवास विकास कॉलोनी वार्ड 17 में आयोजित वार्ड चौपाल में लोगों की समस्या सुनते हुए महापौर अर्चना व
शाहजहांपुर। महापौर जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत वार्ड चौपाल में बुधवार को महापौर अर्चना वर्मा ने मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी में लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने कुत्तों, अराजक तत्वों से निजात दिलाने के साथ ही साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट की खराबी की समस्याओं को रखा।
वार्ड नंबर 17 निवासी निदा ने बताया कि कॉलोनी में कुत्तों और छुट्टा पशुओं ने आतंक मचा रखा है। महापौर ने कहा कि नगर निगम की ओर से एबीसी सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें कुत्तों को पकड़कर रखा जाएगा। गौरव कुमार ने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के बाहर अराजक तत्व बैठकर शराब पीते हैं।
राजेश सक्सेना ने बताया कि वार्ड के कई लोगों ने नालियां पाट दी हैं। लोग सफाई होने के बाद भी कूड़ा डालते हैं। महापौर ने ऐसे लोगों के विरुद्ध जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। संजय टंडन ने शहीद रमेश चंद्र पार्क के सुंदरीकरण की मांग उठाई। सुखदेव सिंह ने गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाने की मांग की। मोहम्मद वसीम ने कॉलोनी में पार्क बाहर स्ट्रीट लाइट ठीक करने की मांग की।
-
सौर ऊर्जा पैनल लगवाने के लिए किया जागरूक
परियोजना अधिकारी नेडा राम अधीर ने शासन की ओर से सौर ऊर्जा का पैनल घर-घर में लगवाने के लिए लोगाें को जागरूक किया। सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता ने वार्ड के लोगों से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग देने की अपील की। उन्होंने घर में कूड़े का निस्तारण कर खाद के रूप में इस्तेमाल करने की जानकारी दी। इस दौरान सदर मंडल अध्यक्ष संजीव सक्सेना, अधिशासी अभियंता निर्माण आशीष त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।