नगर के पीडब्लूडी ग्राउंड में 17 मार्च को होने वाले बाला जी के जागरण के लिए आई पवित्र ज्योति की शनिवार को नगर में शोभायात्रा निकाली गई। भारी भीड़ के चलते व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सेवादारों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बाला जी से ज्योति लेकर आए सेवादारों का पुवायां मार्ग के गोमती नदी के पुल पर स्वागत किया गया। यहां से भक्तों की भीड़ रंग गुलाल उड़ाती और बाला जी की उद्घोष करती हुई खुटार पहुंची। मुख्य चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ ने ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके बाद ज्योति की शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्ग से होती हुई लंगोटी बाबा स्थान पहुंची। इसके बाद यात्रा जागरण स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई।
यात्रा में देवताओं की आकर्षक झांकियाें ने लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों के साथ श्रद्धालुओं ने भी नृत्य किया। यात्रा का तमाम स्थानों पर पुष्प बरसाकर स्वागत किया गया। आयोजन में बाला जी सेवा समिति के अलावा नगर के तमाम लोगों का सहयोग रहा।