खुटार के मुख्य चौराहे पर लगी रेलिंग को तोड़कर बस निकालता चालक। स्रोत : जागरुक पाठक
खुटार। शाहजहांपुर से पलिया जा रही रोडवेज बस के चालक ने रविवार को मुख्य चौराहे पर बस को गलत साइड से निकाल दिया। तेज रफ्तार बस को सामने से गलत दिशा में आता देख चौराहे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने फुटपाथ की ओर भागकर किसी तरह जान बचाई। बस की टक्कर से मुख्य चौराहे पर बने अटल चौक की रेलिंग भी टूट गई।
नगर के मुख्य चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगी है और आसपास रेलिंग लगी है। रविवार को सुबह 7:30 बजे रोडवेज बस शाहजहांपुर से पलिया जा रही थी। चालक ने बस को रेलिंग के पश्चिम की ओर से निकालने के स्थान पर गलत साइड पूरब की ओर से निकाल दिया, इससे रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह मुख्य चौराहे पर भीड़ भी थी। चालक के बस को तेज रफ्तार में गलत साइड से निकालते देख लोगों ने फुटपाथ पर भागकर जान बचाई।
रेलिंग टूटने के बाद लोगों ने बस रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक बस लेकर भाग गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई व्यक्ति बस की चपेट में नहीं आया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने रोडवेज बसों के चालकों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि इस संबंध कोई तहरीर दी जाती है तो जांच कराई जाएगी और कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद